summer express , अनिल मंगला,फरीदाबाद। सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे स्थित मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी ओमप्रकाश की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुजारी ने आरोपियों को मंदिर परिसर के पास नशा करने से रोका था, जिसके बाद उन्होंने उनके साथ मारपीट की और पत्थर के सिल-बट्टे से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
अपराध शाखा (डीएलएफ) की टीम ने कार्रवाई करते हुए किसान मजदूर कॉलोनी निवासी आशिफ उर्फ टीटी (20) और आशिफ उर्फ कालिया (34) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ऑटो चालक बताए जा रहे हैं और पुलिस के अनुसार नशे के आदी हैं। आशिफ उर्फ टीटी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 30 और 31 अगस्त की रात दोनों आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ मंदिर के पास बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान पुजारी ओमप्रकाश ने उन्हें नशा करने से रोका और वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद चारों ने पुजारी के साथ मारपीट की और मंदिर परिसर में रखे पत्थर के सिल-बट्टे से उनके सिर पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पुजारी की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पुजारी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि हत्या की वारदात में कुल चार आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पुजारी का सामान बरामद करने का प्रयास करेगी।