एशियाई खेलों के हिमाचली पदक विजेताओं पर सरकार की सौगात, 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित
शिमला, संजू -:हिमाचल प्रदेश सरकार ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है।उन्होंने बताया कि एशियाई खेलों में कबड्डी का स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चारों खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 1.33 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, पुरुष मैराथन में रजत पदक हासिल करने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये तथा महिला 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।सरकार की खेल पुरस्कार नीति के तहत ओलंपिक में स्वर्ण पदक पर 5 करोड़, रजत पर 3 करोड़ और कांस्य पदक पर 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। एशियाई खेलों में स्वर्ण के लिए 4 करोड़, रजत के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य के लिए 1.50 करोड़ रुपये निर्धारित हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के लिए क्रमश: 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये का प्रावधान है।नरेश चौहान ने बताया कि खिलाड़ियों की यात्रा सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 किलोमीटर तक एसी थ्री-टियर ट्रेन और इससे अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।