summer express , अनुज पंचाल, गुरुग्राम। सेक्टर-7 मार्केट में शाम दूध सप्लायर पर चाकू से हमला कर करीब 12 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। हमले में दूध सप्लायर नरेंद्र भड़ाना घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक नरेंद्र भड़ाना दूध सप्लाई के रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कृष्णा कॉलोनी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी ने उन्हें रोक लिया और पेट में चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले के बाद आरोपी ने नरेंद्र के पास मौजूद करीब 12 हजार रुपये लूट लिए।
हमले के दौरान नरेंद्र ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर ही उसे काबू कर लिया गया। सूचना मिलते ही न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लूट की रकम के अलावा इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे सिर्फ रुपये लूटने की मंशा थी या आरोपी और पीड़ित के बीच कोई पुरानी रंजिश भी थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करने के साथ लूटे गए रुपये की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।