एजेंसी | काठमांडू
नेपाल में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है। विभिन्न जिलों में हुए हादसों में कम से कम 24 लोगों की मौत और 14 लोगों के लापता होने की सूचना है।
मनांग, म्याग्दी, बागलुंग, पर्वत और पाल्पा समेत कई जिले प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन से मकान, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं तथा कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों और बचाव दलों ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं तलाश अभियान तेज किया है। मुस्तांग जिले के लेते क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर कालीगंडकी नदी में जा गिरा। सामने आए वीडियो में पहाड़ की ढलान कुछ ही सेकंड में नदी की ओर खिसकती दिखाई दे रही है।
एक अन्य घटना में मनांग जिले के चामे क्षेत्र में भूस्खलन के कारण मार्स्यांगदी नदी का प्रवाह कुछ समय के लिए बाधित हुआ और पानी जमा होने से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई। बाद में नदी का जलस्तर करीब एक मीटर नीचे आने पर स्थिति में कुछ सुधार हुआ। लगातार बारिश के कारण लामजुंग-मनांग, पर्वत-बागलुंग और म्याग्दी-मुस्तांग के बीच कई सड़क संपर्क टूट गए हैं। पुलों तक पहुंचने वाले मार्गों को बाढ़ के पानी से नुकसान पहुंचा है।
कुछ क्षेत्रों में बिजली और अन्य बुनियादी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं। चितवन में नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी किनारे खड़ा ‘राइनो’ क्रूज तेज बहाव में बह गया और नारायणी पुल के एक खंभे से टकराकर फंस गया।