summer express, पानीपत। पानीपत कोर्ट परिसर में एक वकील पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने वकील पर पिस्टल तानकर डराया और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद घायल वकील को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, वकील नवीन अपने पिता और भाई के साथ एक मामले में कोर्ट की पीसी पर हाजिरी लगाने के लिए परिसर में पहुंचे थे। इसी दौरान कोर्ट परिसर के अंदर ही दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पहले पिस्टल दिखाकर धमकाया और इसके बाद चाकू से वार कर दिया। हमले में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान ने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से बातचीत की है। बार की ओर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।