Summer express, सुन्दर कुंडू , पलवल। ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पलवल के गांव सिहौल में शूटिंग वॉलीबॉल जीवन ज्योति कप टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत सिहौल और जीवन ज्योति ग्रुप ऑफ स्कूल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र की करीब 50 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जीवन ज्योति ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं मुख्य अतिथि एडवोकेट वीरेंद्र गहलौत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और उनका उत्साह बढ़ाते हुए रिबन काटकर किया। प्रतियोगिता का आयोजन सरपंच प्रतिनिधि बलजीत गहलौत की ओर से किया गया।
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मुकाबला दानवीर इंद्री और भारत बदरौला की टीमों के बीच हुआ, जिसमें दानवीर इंद्री ने जीत हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। भारत बदरौला की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान हासिल करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आयोजक एवं सरपंच प्रतिनिधि बलजीत गहलौत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए उचित मंच और अवसर की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ने के अवसर भी मिलने चाहिए। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि एडवोकेट वीरेंद्र गहलौत ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व पार्षद नगर परिषद पलवल कर्मबीर दलाल ने ग्राम पंचायत सिहौल और जीवन ज्योति ग्रुप ऑफ स्कूल्स की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों को भी ऐसे आयोजन कराने के लिए आगे आना चाहिए, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भी आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य राजेश महलावत, जिला परिषद सदस्य भीम, पूर्व पार्षद कर्मबीर दलाल, वरिष्ठ अधिवक्ता निशांत शर्मा, अधिवक्ता राकेश शर्मा, रंजीत गहलौत, अशोक गहलौत सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।