summer express , बलिंदर कुमार, कैथल। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कैथल के सिविल लाइन थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने बुधवार शाम थाने में ट्रैप लगाकर आरोपी पुलिसकर्मी को रिश्वत की रकम के साथ काबू किया।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी साहिल कुमार ने एसीबी को शिकायत दी थी कि लड़ाई-झगड़े से जुड़े एक मामले में उसका नाम हटाने के एवज में सब इंस्पेक्टर द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद कार्रवाई की।
इंस्पेक्टर सुबे सिंह सैनी के नेतृत्व में एसीबी टीम ने सिविल लाइन थाने में जाल बिछाया। जैसे ही सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में जांच जारी है।