Summer express, अमृतसर। पंजाब में त्योहारों से पहले माहौल बिगाड़ने की कथित साजिश के बीच अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में गिरोह के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह विदेशी पिस्तौल, छह मैगजीन, 12 कारतूस, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, आधा किलोग्राम अफीम और 12 लाख 90 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, नशीले पदार्थों और हथियारों की सप्लाई के स्रोत तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
ड्रोन के जरिए सीमा पार से खेप भेजने का संदेह
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आधुनिक ड्रोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, आशंका है कि पाकिस्तान की ओर से तस्कर ड्रोन के माध्यम से हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप भारतीय सीमा में पहुंचाते थे। ड्रोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि उसकी तकनीकी जानकारी और इस्तेमाल से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें।
पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में था गिरोह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लंबे समय से सीमा पार बैठे कथित तस्करों और आईएसआई से जुड़े एजेंटों के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस नेटवर्क के जरिए पंजाब में हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर हरमानबीर सिंह गिल इस मामले में जल्द ही विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं। इसमें गिरोह की गतिविधियों, तस्करी के तरीके और जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों को लेकर और जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।