Summer express/फतेहाबाद/टोहाना-: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर में अमानी रोड स्थित एक बैटरी फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और काले धुएं के घने गुबार को दूर से देखा जा सकता था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।आग इतनी भयंकर थी कि फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान इसकी चपेट में आ गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही। आग लगातार फैलने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें सामने आईं। दोपहर 1:30 बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
सामान बचाने के लिए आसपास के गांवों से मांगी मदद
फैक्ट्री में लगी आग के बीच वहां रखे जरूरी सामान को सुरक्षित बाहर निकालना भी चुनौती बन गया। सामान को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए आसपास के गांवों के लोगों को मदद के लिए बुलाया गया।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई थीं।