Summer express, सुंदर कुंडू, पलवल। पलवल में एक वकील की गाड़ी का चालान काटने को लेकर पुलिस और वकीलों के बीच विवाद खड़ा हो गया। विरोध में वकीलों ने चांदहट थाना प्रभारी की गाड़ी को घेर लिया और उसे मौके से जाने नहीं दिया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद डीएसपी भरतेन्द्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की, जिसके बाद सहमति बनने पर वकीलों ने पुलिस की गाड़ी को जाने दिया।
पलवल बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। यदि पुलिस वकीलों की एक गाड़ी का चालान करती है, तो वे भी पुलिस की 10 गाड़ियों के चालान करवाएंगे। उन्होंने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से समान नियम लागू करने की मांग की।
बार एसोसिएशन से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 18 अक्टूबर को हुई थी। शहर में डायल 112 की गाड़ी से सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी की फोटो खींची गई थी, जिसके बाद उसका चालान काट दिया गया। बार प्रधान का कहना है कि संबंधित गाड़ी पर वकील का स्टीकर लगा हुआ था और उसमें वकील भी बैठा था। इसी कार्रवाई को लेकर वकीलों ने नाराजगी जताई।
दीपक चौहान के अनुसार, 19 अक्टूबर को वह इस मामले की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग से मिले थे। उनका दावा है कि वहां से उन्हें संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद वह वापस अदालत जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पुलिस गाड़ी पर पड़ी, जिसके शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी।
वकीलों ने गाड़ी को रोककर घेर लिया। जांच के दौरान पता चला कि यह चांदहट थाना की गाड़ी थी। बताया गया कि पुलिसकर्मी किसी काम से अदालत परिसर में आए थे। गाड़ी को घेरने के बाद मौके पर पुलिस और वकीलों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति
विवाद की सूचना मिलने पर डीएसपी भरतेन्द्र मौके पर पहुंचे और वकीलों से बातचीत की। काफी देर तक चली चर्चा के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद वकीलों ने पुलिस की गाड़ी को जाने दिया।
बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान के मुताबिक, बातचीत के दौरान पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वकीलों की गाड़ियों के चालान नहीं किए जाएंगे और पहले काटे गए चालान को भी रद्द किया जाएगा। हालांकि, पुराने चालान को रद्द किए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।