Summer express, जालंधर I कसूदां के न्यू आनंद नगर में ससुराल पक्ष से कथित प्रताड़ना के बाद जहरीली दवा निगलने वाली विवाहिता मनदीप कौर के बयान पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए फिट घोषित कर दिया है। हालांकि, उसकी हालत अभी ऐसी है कि वह कुछ खा-पी नहीं पा रही है। पुलिस को दिए बयान में मनदीप कौर ने अपने ससुर मक्खन सिंह पर जबरन जहरीली दवा पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मनदीप कौर के अनुसार, उसके ससुर ने उसे पकड़कर जहरीली दवा पिलाई थी। बाद में उसने मुंह में पानी डालकर काफी मात्रा में दवा बाहर निकाल दी, लेकिन कुछ दवा उसके शरीर में चली गई। इसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। थाना नंबर एक की पुलिस ने उसके बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना नंबर एक के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि विवाहिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। वहीं, मनदीप कौर के भाई जगजीत सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शुरुआत से ही पुलिस इस मामले में ढिलाई बरत रही है। उन्होंने कहा कि घटना के पहले दिन ही पुलिस ने मनदीप कौर के ससुर को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया था। अब मामला दर्ज करने में भी देरी की जा रही है।
जगजीत सिंह ने कहा कि यदि उनकी बहन के साथ कोई अनहोनी हो जाती, तो शायद पुलिस तुरंत मामला दर्ज कर लेती, लेकिन जीवित रहते हुए भी उन्हें न्याय के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द मामला दर्ज नहीं किया तो परिवार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा।
केस दर्ज कराने के लिए पहले भी थाना नंबर एक के बाहर हो चुके हैं धरने
गौरतलब है कि न्यू आनंद नगर में ही जहरीली दवा निगलने के बाद अपनी महिला मित्र के घर जाकर दम तोड़ने वाले युवक ओमवीर के परिजन भी थाना नंबर एक के बाहर दो बार धरना दे चुके हैं। परिजनों का आरोप था कि ओमवीर ने अपने सुसाइड नोट में उन लोगों के नाम स्पष्ट रूप से लिखे थे, जिनसे परेशान होकर उसने आत्महत्या की थी। इसके बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज नहीं किया था।
परिजनों ने दूसरी बार थाने के बाहर धरना दिया, जिसके बाद पुलिस ने ओमवीर की महिला मित्र, उसकी मां और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।