Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बीबीएमबी मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मजबूत पैरवी और निरंतर प्रयासों के चलते हिमाचल को उसका जायज हक मिला है। इस फैसले से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलने के साथ विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।
मिनी सचिवालय धर्मशाला के कैबिनेट हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के प्रोजेक्ट्स में हिमाचल प्रदेश को 7.19 प्रतिशत हिस्सेदारी मिली है। इसके तहत प्रदेश को सालाना 500 से 600 करोड़ रुपये की आय होने की संभावना है। वहीं, आगामी 20 वर्षों में हिमाचल को 11,973 करोड़ यूनिट बिजली प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश लंबे समय से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा था। राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में मजबूती से अपना पक्ष रखा, जिसका परिणाम आज हिमाचल के पक्ष में आया है। यह फैसला केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की जीत है।पठानिया ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी और विकास योजनाओं को गति प्रदान करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित कर उनका लाभ आम जनता तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ कई महत्वपूर्ण कानूनी मामलों में सफलता हासिल की है। वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल और कड़छम-वांगतू हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से जुड़े मामलों में प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सरकार ने प्रभावी पैरवी की है। यह सरकार की प्रदेश के संसाधनों और संपत्तियों को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने विपक्ष से भी प्रदेश हित से जुड़े मामलों में सरकार का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई राजनीतिक मतभेदों से ऊपर है और सभी दलों को प्रदेश के हित में एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।पठानिया ने कहा कि हिमाचल की नदियां, जल संसाधन और प्राकृतिक संपदा प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। हिमाचल देश के अन्य राज्यों को जल एवं स्वच्छ पर्यावरण के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में प्रदेश को अपने संसाधनों का उचित आर्थिक लाभ मिलना जरूरी है। सरकार आर्थिक हितों की रक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है।उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हिमाचल आर्थिक मजबूती, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।