Summer express/मंडी, धर्मवीर-दीपों के पावन त्यौहार को लेकर छोटी काशी मंडी के बाजार सज गए हैं। बाजार में तरह-तरह के उत्पाद बिक्री के लिए पहुंचे हैं जिन्हें ग्राहक अपनी सुविधानुसार खरीद रहे हैं। इस बार बाजार में किस तरह की है हलचल, इसी पर पेश है हमारी यह खास रिपोर्ट।देश के सबसे बड़े त्यौहार को अब कुछ ही घंटे शेष बचे हैं। रविवार 8 नवंबर को देश भर सहित विदेशों मंे भी दीपावली का यह त्यौहार बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
बात बड़े शहरों की हो या फिर छोटे शहरों की, हर जगह दीपावली की खासी रौनक देखने को मिल रही है। छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर भी दीपावली की रौनक से सरावोर नजर आ रहा है। हर गली चौराहे पर दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है। बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। कहीं मिठाईयां बिक रहीं हैं तो कहीं घर की साज-सज्जा का सामान। कहीं खाने-पीने के स्टॉल लगे हैं तो कहीं पटाखों की दुकानें सजी हैं। इन सभी स्थानों पर ग्राहक जमकर खरीददारी कर रहे हैं। मंडी शहर के चौहार बाजार, गांधी चौक, सेरी मंच, इंदिरा मार्किट की छत और अन्य प्रमुख स्थानों पर छोटे-छोटे कारोबारियों को स्थान देकर कारोबार करने का मौका दिया जा रहा है। वहीं, पटाखों की बिक्री सिर्फ पड्डल मैदान में ही हो रही है। दुकानदारों की दीपावली की बिक्री को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।वहीं, लोग बाजारों में पहुंचकर अपनी सुविधानुसार खरीददारी कर रहे हैं। कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीद रहा है तो किसी प्राकृतिक उत्पाद। किसी को महंगे ब्रांड की चीजें पसंद आ रही हैं तो किसी को देसी सामान। खरीददारों ने बताया कि बाजारों में उन्हें जरूरत का सारा सामान मिल रहा है जिसे वह आसानी से खरीद पा रहे हैं। दीपावली को लेकर बाजारों मंे तरह-तरह के ऑफर भी चल रहे हैं जिसमें इलेक्ट्रॉनिलक सहित ज्वेलरी और अन्य सामानों पर लोगों को भारी डिस्काउंट भी दिए जा रहे हैं। दीपावली पर चल रहे इन ऑफर्स के चलते लोग बड़ी संख्या में अपने पसंदीदा सामान की खरीददारी कर रहे हैं।