सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
मोहाली पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में रहकर नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम ने फिरोजपुर जिले के चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच आधुनिक पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त राशि और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार बरामद की है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि 7 नवंबर को सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजपुर के चार युवक मोहाली और चंडीगढ़ सहित आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की आपूर्ति कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ खरड़ के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह बाजवा की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हेरोइन को आरोपी निर्धारित स्थानों से उठाते थे। इसके बाद अधिक मुनाफा कमाने के लिए मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह को हथियार कहां से मिलते थे और इसके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुहरसहाय निवासी मनप्रीत सिंह (23), गांव कमालवाला निवासी सुनील उर्फ सन्नी (26), गांव इसा पंज गराईं निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी (24) और गांव गद्दू खिलचा निवासी सुखचैन सिंह उर्फ सुखा (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, चारों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 30 बोर की एक जिगाना पिस्तौल, 32 बोर की दो पिस्तौल और 315 बोर की दो पिस्तौल सहित कुल पांच हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये और एक क्रेटा कार भी कब्जे में ली गई है।
इस मामले में 7 नवंबर 2026 को थाना सिटी खरड़ में प्राथमिकी संख्या 388 के तहत स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने चार दिन की हिरासत प्राप्त की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और सीमा पार बैठे हैंडलरों से इनके संबंधों की जांच कर रही है।