Summer express, अंबाला , अंकुर कपूर | हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने उत्तर प्रदेश और पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा को समर्थन देने का मन बना लिया है और विपक्षी दलों के बीच कोई भी गठबंधन भाजपा की चुनावी संभावनाओं को प्रभावित नहीं कर पाएगा।
अनिल विज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा बनने जा रही है। उन्होंने विपक्षी दलों की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई भी पार्टी गठबंधन करे या अपनी रणनीति बनाए, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। जनता का रुझान भाजपा के पक्ष में है और पार्टी को फिर से जनादेश मिलेगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दिए जाने के सवाल पर भी अनिल विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुने हुए जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा और बहस करने का मंच है। वहां किसी को भी अपनी बात रखने से नहीं रोका जाता। इसके बावजूद विपक्षी नेता सदन में या तो हंगामा करते हैं या फिर कार्यवाही से वॉकआउट कर जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोकसभा में अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलता है तो विपक्ष उसका इस्तेमाल क्यों नहीं करता।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर विज ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसे टिकट देती है और किसे नहीं, इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और आगामी चुनाव में पार्टी की जीत होगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला की टिप्पणियों पर भी अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। चौटाला की ओर से मुख्यमंत्री के पंजाब जाने और हरियाणा में नेतृत्व बदलने संबंधी बयान पर विज ने कहा कि अब चुनाव नजदीक हैं और जनता ने उनकी पार्टी को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि जेजेपी को पूरे हरियाणा में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पार्टी के नेताओं को इस तरह के सुझाव देने का कोई अधिकार नहीं है।
विज ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री बदलना या किसी नेता को जिम्मेदारी देना भाजपा का आंतरिक मामला है। पार्टी ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया है। भाजपा अपने फैसले सोच-समझकर लेती है और किसी अन्य दल के नेता के सुझावों से इस संबंध में निर्णय नहीं करती।