Summer express, फरीदाबाद | फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र के डबुआ इलाके में आवारा सांड के हमले में घायल 70 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चरण सिंह के रूप में हुई है। वह गुरुद्वारे से माथा टेककर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक आक्रामक सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी छाती और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। करीब पांच दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति भारी रोष है। परिजनों ने आवारा पशुओं को नियंत्रित करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मृतक के पोते गुरप्रीत के अनुसार, उनके दादा रोजाना की तरह गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह एक संकरी गली से गुजर रहे थे, तभी अचानक सामने से आए बेसहारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने अपने नुकीले सींगों से उन्हें उठाकर सड़क पर पटक दिया। हमले के कारण बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजन घायल चरण सिंह को तुरंत सेक्टर-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। विशेषज्ञों की निगरानी में लगातार पांच दिनों तक उनका उपचार किया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर की सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है। आए दिन आवारा पशुओं के हमलों में लोग घायल हो रहे हैं और अब ऐसी घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं। परिजनों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले करीब दो वर्षों में फरीदाबाद में आवारा पशुओं के हमलों से 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि सात लोगों की मौत हो चुकी है। इन आंकड़ों को लेकर लोगों ने प्रशासन से जवाबदेही तय करने और रिहायशी इलाकों से बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वहीं, नगर निगम प्रशासन का दावा है कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच करीब पांच हजार बेसहारा पशुओं को पकड़ा गया है। नगर निगम के म्यूनिसिपल हेल्थ ऑफिसर (एमओएच) नितेश परमार के अनुसार, सड़कों पर आवारा पशु छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, बुजुर्ग की मौत के बाद स्थानीय निवासियों ने इन दावों पर सवाल उठाते हुए आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।