शिमला, संजू-। मंडी की सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश में विवाद गहरा गया है। इस मामले में कैप्टन अतुल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को लिखित शिकायत सौंपकर कंगना रनौत के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने 10 नवंबर 2026 को सांसद के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट @KanganaTeam से साझा की गई एक पोस्ट पर गंभीर आपत्ति जताई है।शिकायत में संबंधित पोस्ट को आपत्तिजनक, भ्रामक और कथित तौर पर भड़काऊ बताते हुए तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत से जुड़े घटनाक्रम को जोड़कर एक विवादित नैरेटिव पेश किया गया है। इसमें सोनिया गांधी को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।
शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट में सोनिया गांधी को एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में दर्शाते हुए दावा किया गया है कि उनके भारत आने के बाद गांधी परिवार के सदस्य एक के बाद एक मारे गए और अंततः वह सरकार की मुखिया बन गईं। पोस्ट में इस कथित घटनाक्रम पर ‘कितना सुविधाजनक’ जैसी टिप्पणी भी की गई है। इसके अलावा संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से बाहर निकाले जाने का उल्लेख भी किया गया है।कैप्टन अतुल शर्मा ने शिकायत में कहा है कि इस प्रकार की टिप्पणियां राजनीतिक असहमति से आगे बढ़कर सामाजिक वैमनस्य और सार्वजनिक अशांति का कारण बन सकती हैं। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196, 353 और 197 के तहत कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में इन धाराओं का हवाला देते हुए विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने, झूठी जानकारी के माध्यम से सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और राष्ट्रीय अखंडता के प्रतिकूल दावों की जांच करने का आग्रह किया गया है।
इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पोस्ट की प्रामाणिकता, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की साइबर एवं फॉरेंसिक जांच करवाने का भी अनुरोध किया है।
फिलहाल इस मामले में DGP को शिकायत सौंपी गई है। हालांकि, अभी तक FIR दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से शिकायत पर की जाने वाली कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।