Summer express, यमुनानगर | हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण (पीपीए) के स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के भाई रामअवतार यादव के खिलाफ 50 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में यमुनानगर के शहर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि रामअवतार ने अपने बचपन के दोस्त देवेंद्र सिंह को धारूहेड़ा में जमीन खरीदने और निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर 50 लाख रुपये लिए, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराने के बजाय अपने नाम करवा ली। पुलिस ने आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की जांच और कानूनी राय के बाद मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता देवेंद्र सिंह के अनुसार, दिसंबर 2024 में रामअवतार ने उसे धारूहेड़ा में जमीन में निवेश करने का प्रस्ताव दिया था। दोनों के बीच बचपन से दोस्ती और पारिवारिक संबंध होने के कारण उसने रामअवतार पर विश्वास कर लिया। आरोप है कि उसे जमीन का नक्शा और बैनामा दिखाकर सौदे में अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद जनवरी 2025 में जमीन खरीदने के लिए रकम का भुगतान किया गया।
देवेंद्र का आरोप है कि उसने अपनी पत्नी सरिता, बेटी रितु और बेटे रक्षित के बैंक खातों के माध्यम से करीब 30 लाख रुपये रामअवतार के खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा 20 लाख रुपये नकद दिए गए। इस तरह जमीन के सौदे के लिए कुल 50 लाख रुपये का भुगतान किया गया। रामअवतार ने भरोसा दिलाया था कि जमीन की रजिस्ट्री देवेंद्र के नाम करवाई जाएगी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, रकम लेने के बाद रामअवतार ने उससे संपर्क करना कम कर दिया और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। जब देवेंद्र ने जमीन के बारे में अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिस जमीन के लिए उसने पैसे दिए थे, उसकी रजिस्ट्री रामअवतार ने अपने नाम करवा ली है। आरोप यह भी है कि रामअवतार ने संबंधित जमीन पर बैंक से ऋण भी ले लिया।
देवेंद्र ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो रामअवतार की ओर से उसे चेक दिए गए, लेकिन बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा के निरीक्षक केवल सिंह ने की। जांच के दौरान बैंक खातों के माध्यम से करीब 30 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने से संबंधित दस्तावेज सामने आए। वहीं, नकद भुगतान को लेकर शिकायतकर्ता के बयान भी दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, आमने-सामने पूछताछ के दौरान रामअवतार ने जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवाने की बात स्वीकार की। इसके बाद जिला न्यायवादी से कानूनी राय ली गई और पुलिस अधीक्षक की मंजूरी मिलने के बाद शहर थाना यमुनानगर में एफआईआर दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। दूसरी ओर, रामअवतार का कहना है कि उसे इस मामले में जमानत मिल गई है।
मामला सार्वजनिक होने के बाद डॉ. सतीश खोला ने हलफनामा जारी कर अपने भाई के कथित वित्तीय लेन-देन से दूरी स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से अपने भाई रामअवतार से अलग रह रहे हैं। रामअवतार के किसी भी कारोबार, कंपनी, फर्म, निवेश या वित्तीय लेन-देन में उनकी कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके भाई अपने निजी और व्यावसायिक मामलों के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं और उनके कथित लेन-देन या धोखाधड़ी से उनका कोई संबंध नहीं है।
डॉ. सतीश खोला ने यह भी चेतावनी दी कि उनके नाम, पते, पहचान या तस्वीर का इस्तेमाल कर उन्हें उनके भाई के कथित मामले से जोड़ना अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सहमति के बिना सोशल मीडिया या किसी मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ झूठी अथवा भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई तो वह संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि और नुकसान की भरपाई के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगे।