Summer express, कैथल (बलविंदर कुमार) | शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए कैथल पुलिस ने सेक्टर 19-20 में विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर गीता के नेतृत्व में करीब 30 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने दोनों सेक्टरों की मार्केट और आसपास के इलाकों में गश्त की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाली दो बाइकों को इंपाउंड किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गश्त का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना और आमजन का पुलिस पर भरोसा मजबूत करना था। पुलिस टीम की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में सुरक्षा का माहौल बना, जबकि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गश्त के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास भी नशे को बढ़ावा न दें। युवाओं को विशेष रूप से नशे से बचने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने नशे की खरीद-फरोख्त और तस्करी में शामिल लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने के मामलों पर भी कार्रवाई की गई तथा दो बाइक इंपाउंड की गईं।
थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को क्षेत्र में नशे की खरीद-फरोख्त या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह के गश्त और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।