Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:जिला कांगड़ा में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस वर्ष अब तक NDPS एक्ट के तहत 140 मामले दर्ज किए हैं। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई करोड़ों रुपये की संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा गया है। पुलिस की कार्रवाई में करीब 6 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति सीज की गई है।
अक्टूबर माह में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आपराधिक मामलों की समीक्षा के लिए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में क्राइम रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई।बैठक में विभिन्न थानों में लंबित मामलों की स्थिति पर चर्चा हुई। साथ ही जांच अधिकारियों और थाना प्रभारियों को पहले जारी किए गए निर्देशों की प्रगति का भी आकलन किया गया।एसपी ने बताया कि नशा तस्करी में संलिप्त आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए PIT-NDPS एक्ट के तहत इस साल 32 मामले सरकार को भेजे गए हैं। इनमें से 23 मामलों को मंजूरी मिल चुकी है और संबंधित आरोपियों को बंदी बनाया जा चुका है, जबकि बाकी मामलों पर निर्णय होना शेष है।उन्होंने कहा कि पुलिस अब नशा तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आर्थिक नेटवर्क को भी निशाना बना रही है। इसी उद्देश्य से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान के लिए नौ मामलों में वित्तीय जांच की गई है। इनमें सात मामलों को सक्षम प्राधिकरण से पुष्टि मिल चुकी है। करीब 6.25 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज करने की कार्रवाई हुई है, जबकि लगभग 6 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज किए जाने की पुष्टि हुई है।
इसी अभियान के तहत शाहपुर थाने में दर्ज FIR नंबर 109 में भी अहम सफलता मिली है। मामले में जवाली निवासी शम्मी कपूर की 28 लाख 93 हजार 800 रुपये की संपत्ति को नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति मानते हुए फ्रीज किया गया था। अब दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण ने पुलिस की इस कार्रवाई को अपनी मंजूरी देते हुए फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी है।एसपी कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया कि कांगड़ा पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करेगी। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।