समर न्यूज। पंचकूला
पंचकूला के पिंजौर-सुखोमाजरी बाईपास स्थित टी-प्वाइंट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। महज एक सप्ताह के भीतर यहां दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है।
ताजा हादसे में खेड़ा बसौला निवासी 30 वर्षीय विजय कुमार की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और मृतक के परिजनों सहित गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस टी-प्वाइंट पर बना खतरनाक कट लगातार हादसों का कारण बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस कट को स्थायी रूप से बंद करने और यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से विवादित कट को बंद करवा दिया।
हालांकि ग्रामीणों ने साफ कहा कि केवल कट बंद करना ही पर्याप्त नहीं है। उन्होंने इस स्थान पर राउंडअबाउट यानी गोल चक्कर बनाने की मांग भी उठाई, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।