Summer express, पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला में प्रस्तावित श्रीकृष्ण कृपा धाम के भवन निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने धाम के निर्माण के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण कृपा धाम केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि ऐसा आध्यात्मिक केंद्र बनेगा, जहां आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से पूरी मानवता को कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का संदेश दिया है। वहीं, भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और बलिदान से स्वाभिमान, एकता तथा जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की प्रेरणा दी। दोनों महापुरुषों का जीवन समाज के प्रति समर्पण और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में जब लोग भविष्य को लेकर चिंतित और असमंजस में रहते हैं, तब श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाएं उन्हें धैर्य, विवेक और कर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार गीता के संदेश को कुरुक्षेत्र से दुनिया भर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इस दिशा में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का योगदान महत्वपूर्ण है।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजाया था। बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाई। उन्होंने नशे, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया। उनका जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन भी सुना। कार्यक्रम में कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर श्याम लाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, बंतो कटारिया, ओमप्रकाश देवीनगर, सुनीता दुग्गल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और उपायुक्त सतपाल शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।