Summer express/मंडी/धर्मवीर-:हिमाचल प्रदेश में जल शक्ति विभाग के जलरक्षक एक बार फिर अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहे हैं। वीरवार को धर्मशाला में विधानसभा के बाहर प्रदेशभर के करीब आठ हजार जलरक्षक एकजुट होकर ध्यान आकर्षण प्रदर्शन करेंगे। जलरक्षकों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। जलरक्षक संघ की प्रमुख मांगों में आठ साल की सेवाकाल नीति लागू करना, वेतन में बढ़ोतरी और समय पर मानदेय का भुगतान करना शामिल है। संघ का कहना है कि कई बार सरकार के समक्ष मामला उठाने और प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
जलरक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ज्वालू राम ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उनकी मांगों को जायज मान चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मांगों को पूरा करने की दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब आठ हजार जलरक्षक धर्मशाला पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। संघ का कहना है कि जलरक्षक लंबे समय से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें स्थायी नीति और सम्मानजनक वेतन का इंतजार है। अब प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को उनके साथ किए गए वादे याद दिलाए जाएंगे। साथ ही मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज करने का संकेत भी दिया गया है।