Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी के लाल कुर्ती इलाके में दिवाली की रात एक होटल में आग लगने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के होटलों के खिलाफ जांच अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों की ओर से होटलों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों और जरूरी दस्तावेजों को लेकर शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने कई होटलों में दबिश देकर उनके रिकॉर्ड और अनुमतियों की जांच की।
पुलिस अधीक्षक अंबाला के निर्देश पर डीसीपी अंबाला कैंट ने दो थाना प्रभारियों के साथ मिलकर पांच पुलिस टीमों का गठन किया। इन टीमों ने लाल कुर्ती क्षेत्र के अलग-अलग होटलों में पहुंचकर संचालकों से संबंधित दस्तावेज, जरूरी परमिशन और फायर सेफ्टी से जुड़े इंतजामों की जानकारी ली। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि होटल निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुसार संचालित हो रहे हैं या नहीं।
दरअसल, दिवाली की रात एक होटल में आग लगने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ होटल ऐसे हैं, जिनके पास फायर एनओसी और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। लोगों ने होटल संचालकों की ओर से सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए थे।
पुलिस अधिकारियों ने होटल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान जिन होटलों के दस्तावेज अधूरे पाए जाएंगे या अग्नि सुरक्षा के इंतजामों में कमी मिलेगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित होटल को बंद करवाने के साथ सील भी किया जा सकता है।
डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें होटलों के दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।