Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने सरकार से गन्ना उत्पादकों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने की मांग उठाई। इसके साथ ही आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और सड़कों पर बढ़ते हादसों की समस्या का भी समाधान करने की अपील की।
हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने मंत्री अनिल विज के समक्ष अपनी मांगें रखीं। किसान नेताओं ने कहा कि चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा चीनी मिलें गन्ने से चीनी तैयार करने के साथ खोई और बिजली बेचकर भी मुनाफा कमा रही हैं। ऐसे में गन्ना उत्पादकों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप कीमत मिलनी चाहिए। किसानों ने मौजूदा भाव में बढ़ोतरी कर इसे 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की।
किसानों ने कहा कि गन्ने की खेती में मेहनत और खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। उन्होंने सरकार से केवल आश्वासन देने के बजाय गन्ने के भाव में बढ़ोतरी को लेकर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में आवारा पशुओं की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं के अनुसार, आवारा पशु खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, सड़कों पर बैठे सांड वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। इनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। किसानों ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
किसान नेता मलकीत सिंह ने कहा कि गन्ना उत्पादकों को उनकी फसल का पूरा मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द फैसला लेने की अपील की।
किसानों से ज्ञापन लेने के बाद कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गन्ना उत्पादकों ने भाव बढ़ाने को लेकर एक प्रस्ताव दिया है। वह इस प्रस्ताव को सरकार के समक्ष रखेंगे और इस पर चर्चा की जाएगी। अब किसानों की नजर सरकार के फैसले पर है।