जयराम ठाकुर बोले- कांग्रेस ने चुनाव के दौरान माताओं-बहनों से किया वादा नहीं निभाया, प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को मिलना चाहिए लाभ
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान वीरवार को महिलाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ता देने की मांग को लेकर भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भाजपा विधायकों और महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की माताओं और बहनों से कई बड़े वादे किए थे। इनमें 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को सत्ता में आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 1500 रुपये मासिक भत्ता देने की गारंटी भी शामिल थी। लेकिन सरकार के कार्यकाल में काफी समय बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आज भी अपने हक का इंतजार कर रही हैं। भाजपा ने महिलाओं के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और सरकार पर दबाव बनाने के लिए विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं भी इस मांग के समर्थन में आगे आ रही हैं।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को कांग्रेस की इस चुनावी गारंटी का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि की आवश्यकता होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार बार-बार घोषणाएं कर रही है, लेकिन महिलाओं को वादे के मुताबिक आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने से पहले महिलाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब उन्हें पूरा करने से पीछे हट रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर महिलाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ता कब दिया जाएगा। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा महिलाओं के अधिकारों और उनकी मांग के समर्थन में आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से चुनाव के दौरान किए गए वादे को जल्द पूरा करने की मांग की।