Summer express, झज्जर। गांव कुलाना के पास पटौदा माइनर का तटबंध टूटने से किसानों की करीब 30 एकड़ फसल भूमि में पानी भर गया। देर रात हुई इस घटना के बाद आसपास के खेतों में तीन फीट तक पानी जमा हो गया। सुबह खेतों में पहुंचे किसानों ने जब जलभराव देखा तो उनके सामने गेहूं की बिजाई को लेकर संकट खड़ा हो गया। किसानों ने इस घटना से करीब 13 से 14 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
किसान गजराज, यादराम, बलराम और अनिल कुमार ने बताया कि देर रात पटौदा माइनर का तटबंध टूट गया था। इसके बाद पानी लगातार खेतों की ओर फैलता रहा। सुबह जब वे खेतों में पहुंचे तो पूरी जमीन पानी में डूबी हुई थी। किसानों के अनुसार, उन्होंने गेहूं की बिजाई के लिए खेतों को तैयार कर लिया था। इसके लिए बीज और खाद पर भी काफी खर्च किया जा चुका था, लेकिन अचानक हुए जलभराव ने उनकी तैयारियों को प्रभावित कर दिया।
किसानों ने बताया कि पटौदा माइनर करीब 27 साल पुरानी है और इसका निर्माण ईंटों से किया गया था। उनका आरोप है कि माइनर की समय पर मरम्मत और उचित रखरखाव नहीं होने के कारण इस तरह की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि खेतों से पानी निकलने के बाद भी जमीन में नमी बनी रहेगी, जिससे अगले दो से तीन महीने तक खेती प्रभावित होने की आशंका है।
माइनर टूटने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीछे से आ रहे पानी की आपूर्ति बंद करवाई और टूटे हुए हिस्से पर मिट्टी डालकर पानी का बहाव नियंत्रित किया। कार्यकारी अभियंता खिलेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि प्रभावित खेतों से पानी निकालने के लिए मोटर पंप लगाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर एक अतिरिक्त पंप भी लगाया जाएगा।
वहीं, जलभराव की जानकारी मिलने पर डीसी वर्षा खांगवाल ने भी मौके पर पहुंचकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारी और गिरदावर को प्रभावित खेतों का जायजा लेकर नुकसान का आकलन करने और रिपोर्ट तैयार करने को कहा। प्रशासन की ओर से खेतों से पानी निकालने के लिए पंप की व्यवस्था की गई है।