अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
जगराओं के डिस्पोजल रोड पर वीरवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दुकान मालिक को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचा और दुकान का गेट खोलकर देखा तो अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। इसके बाद उसने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था।
आग के कारण दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकान मालिक आकाश ने बताया कि वह रोजाना की तरह वीरवार सुबह दुकान खोलकर किसी काम से बाहर गया था। दुकान से बाहर जाने से पहले उसने अच्छी तरह ताला लगा दिया था। इसी दौरान करीब 10 बजे उसे किसी व्यक्ति का फोन आया कि उसकी दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है। यह सुनते ही वह तुरंत दुकान पर पहुंचा। जब उसने दुकान का गेट खोला तो अंदर आग लगी हुई थी और धुएं के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। उसने बिना देरी किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
एलईडी, टीवी, फ्रिज की रिपेयरिंग का है काम
आकाश ने बताया कि वह अपनी दुकान में एलईडी, टीवी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रिपेयरिंग का काम करता है। दुकान में रिपेयरिंग के लिए आए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अलावा एलसीडी टीवी, मशीनें, रिपेयरिंग के औजार, अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर रखा हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लगभग पूरा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग के कारण एलसीडी टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रिपेयरिंग का कीमती सामान और फर्नीचर जलकर राख हो गया।
{शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका: दुकान मालिक ने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। सुबह दुकान बंद होने के दौरान आग लगने से किसी को शुरुआती समय में इसका पता नहीं चल सका। आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखकर उसे सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था।