Summer express, डिंडीगुल | तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोडईकनाल-पलानी घाट रोड पर सावरिक्काडु के नजदीक यात्रियों से भरी एक मिनीबस अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में कुल 24 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। डिंडीगुल के सांसद सच्चिदानंदम ने समाचार एजेंसी एएनआई से फोन पर बातचीत में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री पलानी के मदीना नगर और उदुमलपेट के निवासी थे। वे कोडईकनाल के मूंजिक्कल इलाके में आयोजित एक शादी समारोह और रिसेप्शन में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान 19 नवंबर की रात कोडईकनाल-पलानी घाट मार्ग पर सावरिक्काडु के पास यह हादसा हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घाट रोड पर चलते समय चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते मिनीबस सड़क से फिसलकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पलानी और कोडईकनाल से अग्निशमन एवं बचाव दल के कर्मचारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। बचाव दल और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।