Summer express, अमृतसर| पंजाब के अमृतसर में सुल्तानविंड रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने के बाद बच्ची उसके नीचे फंस गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर उसे कार के नीचे से बाहर निकाला। आरोप है कि कार चला रहा पुलिस हवलदार नशे की हालत में था। घटना से नाराज लोगों ने चालक को मौके पर ही घेर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी की पहचान पुलिस हवलदार अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दुर्घटना में शामिल कार को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और अंबेडकर समाज दल के यूथ प्रेसिडेंट राहुल सोरी के मुताबिक, हादसे के समय हवलदार नशे में धुत था। उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और उसे उल्टियां हो रही थीं।
लोगों ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर से शराब की बोतल, सिगरेट और लाइटर बरामद हुए। राहुल सोरी ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करवाने वाले पुलिस विभाग के कर्मचारी का खुद नशे में वाहन चलाना बेहद गंभीर मामला है।
अंबेडकर समाज दल के पंजाब चेयरमैन विक्की ने बताया कि बच्ची को टक्कर मारने के बाद हवलदार ने मौके से फरार होने की कोशिश की थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने कार को घेरकर उसे भागने नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मामले में किसी तरह की रियायत नहीं बरतने की मांग की है।
घायल बच्ची की देखभाल कर रहीं उसकी बुआ प्रीति ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और दादा-दादी का पहले ही निधन हो चुका है। वह ही बच्ची को अपनी संतान की तरह पाल रही हैं। परिवार किराये के मकान में रहता है और परिवार के सदस्य दिव्यांग हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्ची के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से बच्ची का पूरा उपचार निशुल्क करवाने और आरोपी हवलदार को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। अंबेडकर समाज दल ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।
उधर, घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानविंड चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी हवलदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, घायल बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। आरोपी हवलदार की भी मेडिकल जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।