Summer express, फरीदाबाद (अनिल मंगला)। फरीदाबाद के अलीपुर शिकारगढ़ बीट स्थित रिजर्व फॉरेस्ट में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक महीने के भीतर 30 एकड़ जंगल से लगभग 25 हजार छोटे-बड़े पेड़ काट दिए गए। इनमें सबसे अधिक संख्या कीकर के पेड़ों की बताई जा रही है। मामले में वन विभाग की शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद सरकार ने उप वन संरक्षक (DCF) समेत चार अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
अलीपुर गांव के ग्रामीणों सिंघराज और कुलदीप के मुताबिक, जंगल में लगातार पेड़ों की कटाई की जा रही थी। जब भी वे ठेकेदार से इस बारे में सवाल करते थे तो वह पुराने पेड़ों को हटाकर उनकी जगह नए पौधे लगाने की बात कहकर उन्हें शांत कर देता था। ठेकेदार का कहना था कि कटाई के बाद वहां नए पेड़ लगाए जाएंगे। इसी वजह से शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि यह वन विभाग की किसी योजना के तहत किया जा रहा काम हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद वे इसकी निष्पक्ष जांच चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि रिजर्व फॉरेस्ट में हजारों पेड़ काटने की अनुमति किसने दी और वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। ग्रामीणों ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब अलीपुर शिकारगढ़ बीट से कथित तौर पर काटे गए सरकारी पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले के पुन्हाना स्थित लकड़ी मंडी तक पहुंच गई। सूचना मिलने के बाद 13 नवंबर को फरीदाबाद और नूंह वन विभाग की संयुक्त टीम ने मंडी में छापेमारी की। इस दौरान चार आरा मशीनों को सील किया गया। इसके अलावा लकड़ी से लदी पांच से सात गाड़ियों को कब्जे में लेकर उनकी निगरानी शुरू की गई।
पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में विभागीय कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद के उप वन संरक्षक झलकार उयाके, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अफजल खान, फॉरेस्ट गार्ड अंकित और फॉरेस्टर संदीप कुमार को निलंबित किया गया है। शुरुआती जांच में वन विभाग के स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।