Summer express, झज्जर। पंचकूला के नागरिक अस्पताल में छह नर्सिंग अधिकारियों के निलंबन के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन ने 23 नवंबर को झज्जर जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 24 घंटे की पूर्ण हड़ताल करने का एलान किया है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपकर हड़ताल की पूर्व सूचना दी।
जिला प्रधान सुमन बाला और अन्य पदाधिकारियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 16 नवंबर 2026 को महानिदेशक के पत्र के आधार पर पंचकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। यह कार्रवाई मरीज आशीष कुमार के उपचार में कथित लापरवाही के आरोपों को लेकर की गई है। आशीष कुमार की मौत हो चुकी है। एसोसिएशन ने नर्सिंग स्टाफ के निलंबन को एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताते हुए इसका विरोध किया है।
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि 11 अक्टूबर 2026 को मरीज के उपचार के दौरान हुई कथित लापरवाही के मामले में वास्तविक तथ्यों की निष्पक्ष जांच नहीं की गई। उनका कहना है कि जांच के दौरान नर्सिंग स्टाफ का पक्ष भी नहीं सुना गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से गठित जांच कमेटी में नर्सिंग विभाग का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया और संबंधित कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का अवसर भी नहीं दिया गया।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि उचित सुनवाई के बिना एकतरफा जांच रिपोर्ट तैयार कर नर्सिंग स्टाफ को जिम्मेदार ठहरा दिया गया। इसी रिपोर्ट के आधार पर छह नर्सिंग अधिकारियों और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों को निलंबित किया गया है। संगठन का कहना है कि इस कार्रवाई से नर्सिंग कर्मचारियों में रोष है और वे इसे न्यायसंगत नहीं मानते।
एसोसिएशन के अनुसार, 23 नवंबर को झज्जर जिले के नागरिक अस्पताल, उपमंडल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दिन-रात की पूर्ण हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रधान सुमन बाला के साथ कविता, मीना देवी और संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।