Summer express, गुरुग्राम (अनुज पंचाल)। गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्राले ने जमकर कहर बरपाया। एवीएल-36 सोसाइटी के पास बेकाबू ट्राले ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार दोनों सड़कों के बीच बनी ग्रीन बेल्ट को पार करते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में दो कैब भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार चालक को चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार देर रात उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्राला द्वारका एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। एवीएल-36 सोसाइटी के नजदीक ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया और उसने रास्ते में चल रहे तीन वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कार उछलकर सड़क के बीच बनी ग्रीन बेल्ट को पार करते हुए नाले में जा गिरी। वहीं, ट्राले की चपेट में आने से दो कैब को भी काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। नाले में गिरी कार और ट्राले को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। घायल कार चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।