Summer express,अंबाला । हरियाणा की राजनीति के वरिष्ठ नेता, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे और अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
चौधरी फूल चंद मुलाना का जन्म 6 अप्रैल 1941 को हुआ था। पेशे से अधिवक्ता रहे मुलाना ने अंबाला जिले की मुलाना विधानसभा सीट से चार बार चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने वर्ष 1972, 1982, 1991 और 2005 में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा, राजस्व, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), वन और तकनीकी शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। राजनीति और समाज सेवा में उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2005 में उन्हें हरियाणा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया था।
चौधरी फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस के सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहने वाले नेताओं में शामिल रहे। उन्होंने 27 अगस्त 2007 से 10 फरवरी 2014 तक करीब साढ़े छह साल प्रदेश कांग्रेस संगठन की कमान संभाली। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में कांग्रेस की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनका परिवार भी राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र में सक्रिय है। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि उनकी पुत्रवधू पूजा चौधरी मुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। उनकी बेटी कल्पना कटारिया भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में वरिष्ठ अधिकारी हैं।
चौधरी फूल चंद मुलाना के निधन पर कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक योगदान और समाज सेवा के कार्यों को याद करते हुए इसे हरियाणा की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।