Facebook-f Youtube Summer Express - Header One X-twitter

धर्मशाला को पर्यटन की नई उड़ान देने की तैयारी, एयरपोर्ट विस्तार के बाद बनेगी एयरोसिटी

Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश को पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नई पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। धर्मशाला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के विजन के साथ अब यहां खेल और पर्यटन गतिविधियों को भी बड़े स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में धर्मशाला मैराथन-2026 का शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मैराथन की टी-शर्ट, मेडल और एंथम का विमोचन किया। सरकार का लक्ष्य इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ हिमाचल की प्राकृतिक खूबसूरती को देश-विदेश तक पहुंचाना है। वहीं, कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के बाद एयरोसिटी विकसित करने, विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट बनाने और हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की भी तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में पर्यटन क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था और युवाओं के रोजगार का बड़ा आधार बनेगा।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े आयोजनों पर फोकस

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से शिमला विंटर कार्निवल और कांगड़ा वैली कार्निवल जैसे आयोजनों की शुरुआत की गई है। धर्मशाला में भी पिछले वर्ष पहली बार कार्निवल आयोजित किया गया था, जिसमें मैराथन को विशेष महत्व दिया गया। इन आयोजनों के माध्यम से हिमाचल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सुंदरता के मामले में बेहद समृद्ध है। यहां शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं से लेकर मध्य और उच्च हिमालय तक की विविध भौगोलिक परिस्थितियां मौजूद हैं। ऐसे में पर्यटन की अपार संभावनाओं को रोजगार और आर्थिक विकास से जोड़ना सरकार का उद्देश्य है।

1500 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण

धर्मशाला मैराथन-2026 को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब 1500 प्रतिभागी मैराथन के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से आने वाले धावक भी शामिल हैं। इस आयोजन से धर्मशाला को खेल पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। मैराथन के जरिए प्रतिभागियों को हिमाचल की खूबसूरत वादियों और यहां की प्राकृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के बाद बनेगी एयरोसिटी

मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार के लिए करीब 2600 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहण राशि वितरित की जा चुकी है। इस परियोजना से संबंधित याचिका को हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद विस्तार कार्य को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के बाद यहां एयरोसिटी विकसित करने की योजना है।मुख्यमंत्री के अनुसार एयरोसिटी बनने से पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार की कोशिश है कि हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करने वाले युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।

तीन स्थानों पर हेलीपोर्ट, हेली टैक्सी सेवा की तैयारी

प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सरकार हेलीपैड के स्थान पर आधुनिक हेलीपोर्ट विकसित करने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पालमपुर में हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि चंबा और धर्मशाला के रक्कड़ में भी हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।सरकार की योजना पालमपुर से चंडीगढ़ और शिमला के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की भी है। इसके अलावा हेलीपोर्ट के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों को आपस में जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। भविष्य में हेली टैक्सी सेवा शुरू होने से लोगों को कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

मैक्लोडगंज की सड़क सुधारने का दिया भरोसा

धर्मशाला और मैक्लोडगंज में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मुख्य सड़कें खराब नहीं हैं, हालांकि कुछ मार्गों की हालत जरूर प्रभावित हुई है। मैक्लोडगंज के मुख्य मार्ग को भी सुधारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित समस्याओं का समाधान होने के बाद सड़क सुधार के कार्य को गति दी जाएगी। इसके लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।

पांच से दस साल में दिखेगा योजनाओं का असर

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी पांच से दस वर्षों में पर्यटन क्षेत्र को लेकर सरकार की योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने हिमाचल को उत्तर भारत के लंग्स और वाटर बाउल के रूप में बताते हुए कहा कि प्रदेश की स्वच्छ हवा, जल संसाधन और प्राकृतिक संपदा इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार इन्हीं खूबियों को आधार बनाकर पर्यटन अधोसंरचना विकसित कर रही है।धर्मशाला मैराथन, कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार, एयरोसिटी निर्माण, हेलीपोर्ट और हेली टैक्सी सेवा जैसी योजनाओं के जरिए प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने की तैयारी है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटकों की आमद बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय कारोबार, निवेश और रोजगार को भी मजबूती मिलेगी।

Chandrika

chandrika@summerexpress.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

दीक्षांत समारोह में  सीजेआई सूर्यकांत का विद्यार्थियों को संदेश, बोले- जीवन में ऊंचाई पाने के लिए संघर्ष के साथ टीमवर्क भी जरूरी

Summer express/धर्मशाला,राहुल। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ उनका भावनात्मक रिश्ता है और यह प्रदेश उन्हें अपने घर जैसा लगता है। दिल्ली की प्रदूषित आबोहवा के बीच धर्मशाला पहुंचकर उन्हें शुद्ध हवा में सांस लेने का अवसर मिला है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह...

दीक्षांत के मंच से सुक्खू का बड़ा ऐलान, सरकारी स्कूलों के प्रवेश फॉर्म से हटेगा जाति का कॉलम

Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। युवा अपनी शिक्षा और प्रतिभा का...

मलाणा में भीषण अग्निकांड: तीन मंजिला मकान जलकर राख, 13 कमरे हुए खाक, लाखों का नुकसान

Summer express/कुल्लू-:ऐतिहासिक मलाणा गांव में बीती रात भीषण अग्निकांड से एक परिवार की वर्षों की मेहनत पलभर में राख हो गई। रात करीब 12 बजे दिले राम के तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे भवन ने आग की लपटों का रूप ले...

देव जुन्गा के 22 टीका देवस्थल में उमड़ा आस्था का सैलाब,रातभर गूंजती रहीं पहाड़ी नाटियां

Summer express/शिमला (जुन्गा)। जुन्गा तहसील के ठूंड स्थित देव जुन्गा के ऐतिहासिक 22 टीका देवस्थल में देवोत्थान पर्व (देवठण) पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने देव जुन्गा के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। देवठण के उपलक्ष्य में बीती रात पारंपरिक देव जागरण...

सिरसा नगर परिषद UCS घोटाले पर CM नायब सैनी का बड़ा एक्शन, JE बर्खास्त करने के आदेश

Summer express/सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में नगर परिषद से जुड़े UCS मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पंचायत भवन में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायत पर सुनवाई करते हुए...
Summer Express - header one

हम लाते हैं तेज़, साफ़ और भरोसेमंद ख़बरें — शोर के बीच भी सच्चाई तक पहुंचाने वाली।
चाहे ब्रेकिंग न्यूज़ हो या आपके लिए अहम कहानियाँ, हर दिन हम देते हैं समझदारी और रोचक अंदाज़ में कवरेज।

Must Read

©2025- All Right Reserved.