बोले- सेना और जवानों का अपमान करने वाले मंत्री को पद पर रहने का अधिकार नहीं; जगत नेगी का पलटवार- गलती नहीं की तो माफी क्यों मांगूं
राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित विवादित टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष ने मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा का आरोप है कि मंत्री की टिप्पणी से भारतीय सेना और देश के जवानों के सम्मान को ठेस पहुंची है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे को विधानसभा में कई बार उठाया जा चुका है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और उपसभापति से मांग की थी कि सेना, जवानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिया था, लेकिन अभी तक विवादित टिप्पणी को कार्यवाही से नहीं हटाया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सेना के जवानों और अधिकारियों की ओर से भी मंत्री के बयान पर नाराजगी जाहिर की गई है। इसके बावजूद जगत नेगी ने सदन में खेद तक व्यक्त नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भी इस पूरे मामले में अपने मंत्री को संरक्षण दे रहे हैं।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा की मांग अब केवल विवादित शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने तक सीमित नहीं है। विपक्ष चाहता है कि मुख्यमंत्री तत्काल प्रभाव से जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। जयराम ठाकुर के मुताबिक, सेना और देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को मंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर विधानसभा में हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि सदन में एक विधायक ने भारतीय सेना की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा था कि सेना ने पाकिस्तान के चक्के छुड़ा दिए। इस पर कथित तौर पर जवाब दिया गया कि पाकिस्तान ने हिंदुस्तान के चक्के छुड़ा दिए। भाजपा इसी टिप्पणी को सेना और जवानों का अपमान बताते हुए लगातार विरोध कर रही है।जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, विपक्ष अपना विरोध जारी रखेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि सेना के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए मंत्री के खिलाफ तत्काल निर्णय लिया जाए।
उधर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए अपने बयान पर कायम रहने का संकेत दिया है। उन्होंने साफ कहा कि जब उन्होंने कोई गलती ही नहीं की तो माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता। नेगी ने कहा, “मैंने कोई गलती नहीं की है तो माफी क्यों मांगूं? मैं माफी नहीं मांगूंगा।”फिलहाल इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। विधानसभा के भीतर और बाहर जारी इस विवाद से प्रदेश की सियासत गरमा गई है।