Summer express/देहरा, गुलशन धनोहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर सुनहेत के पास बेसहारा गौवंश को बचाने के प्रयास में चार कारें आपस में टकरा गईं। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई।जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब ढलियारा से देहरा की ओर चार कारें एक के पीछे एक जा रही थीं। इसी दौरान सुनहेत के पास अचानक एक बेसहारा गौवंश सड़क पर आ गया। पशु को बचाने के लिए सबसे आगे चल रही कार के चालक ने बिना देर किए अचानक ब्रेक लगा दी। इससे पीछे आ रहे वाहन चालकों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया।
अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रही कारें एक-दूसरे से टकरा गईं। देखते ही देखते चारों गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेसहारा पशुओं की मौजूदगी से पैदा हो रहे खतरे को उजागर किया है। आए दिन सड़कों पर घूमते पशुओं के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बेसहारा गौवंश की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।