Summer express/चंबा,मंजुर पठान-:सरकार बेहतर सड़क सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। चुराह विधानसभा क्षेत्र की थल्ली गड़फरी पंचायत को जोड़ने वाली सड़क पिछले कई वर्षों से बदहाली के आंसू बहा रही है। करीब 20 साल पहले बनी इस सड़क पर आज तक तारकोल नहीं बिछाई गई, जिसके चलते सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से करीब 4000 की आबादी रोजाना आवाजाही करती है, लेकिन सड़क की खस्ता हालत लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। आलम यह है कि गड्ढों से गुजरने के कारण वाहनों के पुर्जे तक खराब हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार सरकार और लोक निर्माण विभाग से सड़क की मरम्मत और तारकोल बिछाने की मांग उठाई, लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब लोगों ने सरकार से जल्द सड़क को पक्का करने की गुहार लगाई है।
वहीं, स्थानीय युवाओं का कहना है कि सड़क को बने हुए 20 साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन आज तक इस मार्ग पर तारकोल नहीं बिछाई गई। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा का सामान लाने और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी सड़क से गुजरना पड़ता है। खराब सड़क के चलते वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और सफर जोखिम भरा बन गया है। युवाओं और स्थानीय लोगों ने सरकार तथा लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द इस मार्ग पर तारकोल बिछाकर सड़क की हालत सुधारी जाए, ताकि क्षेत्र की करीब 4000 की आबादी को राहत मिल सके।