Summer express, सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में सरकारी योजनाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक के दौरान भाजपा नेता एवं हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा और किसानों के बीच तीखी बहस हो गई। किसानों की ओर से उठाए गए सवालों पर चेयरमैन ने किसान नेता को चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करने की चुनौती दे दी। इस दौरान पंजाब के किसान संगठनों और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी के चुनावी प्रदर्शन को लेकर भी टिप्पणी की गई। बैठक में हुई पूरी बहस का फेसबुक लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, डबवाली खंड के गांव हैबुआना में सुबह करीब नौ बजे गांव की धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई थी। देव कुमार शर्मा 22 नवंबर को कालांवाली में होने वाली मैराथन में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गांव पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का निमंत्रण दिया। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
बैठक के दौरान जब किसानों ने अपनी समस्याओं और कृषि से जुड़े मुद्दों को उठाया तो बातचीत धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। किसानों के सवालों का जवाब देते हुए देव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा का किसान खुशहाल है और प्रदेश में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है।
उन्होंने पराली प्रबंधन को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया और इन्हें किसानों के हित में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी दौरान किसान नेता के सवालों पर उन्होंने चुनाव लड़कर देखने की चुनौती दी। बहस में पंजाब के किसान संगठनों और गुरनाम सिंह चढूनी के चुनावी प्रदर्शन का मुद्दा भी उठा, जिससे माहौल और गर्म हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम का फेसबुक लाइव वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, देव कुमार शर्मा ने बाद में कहा कि विवाद जैसी कोई बात नहीं है और अब दोनों पक्ष एक साथ बैठकर चाय पी रहे हैं।