Summer express/हमीरपुर, अरविंद-। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है।बिझड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ने ‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्रों में कार्यरत शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से टैबलेट और लैपटॉप वितरित किए। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्टडी टेबल की सुविधा वाले स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स और नोटबुक भी प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधनों से शिक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री और बलदेव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल की अहम भूमिका रही।अनुराग ठाकुर ने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं,बल्कि उन्हें अच्छे संस्कारों, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समावेशी विकास की सोच से प्रेरित यह अभियान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान कर रहा है। इसमें गुरुकुल परंपरा के मूल्यों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 650 ‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 12 हजार से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, अतिरिक्त मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास की सुविधाएं मिल रही हैं।उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कुपोषण से बचाव के लिए बच्चों को नियमित रूप से प्रोटीन शेक उपलब्ध करवाया जाता है। इसके अलावा खेलकूद, राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों और स्वच्छता अभियानों के माध्यम से उनमें सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान ने शिक्षा के साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस पहल के माध्यम से अब तक 692 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की है। वहीं, अभियान से जुड़े प्रयासों के चलते 12 हजार से अधिक परिवारों को सामूहिक रूप से 5.40 करोड़ रुपये से अधिक की बचत करने में मदद मिली है।उन्होंने कहा कि केंद्रों में 98 प्रतिशत से अधिक महिला शिक्षिकाओं की भागीदारी इस अभियान की एक बड़ी उपलब्धि है। यह पहल न केवल बच्चों के भविष्य को संवार रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।