Summer express/शिमला/संजू-:आईजीएमसी-संजौली सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। शाम करीब चार बजे किए गए निरीक्षण के दौरान सड़क पर टायरिंग का काम बंद मिलने पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सुएज (SUEZ) कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बता दें कि पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए आईजीएमसी से संजौली जाने वाली सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत और टायरिंग की जानी थी, लेकिन इसमें लगातार हो रही देरी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल और मिट्टी से स्थानीय निवासियों, पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने संबंधित एजेंसी और ठेकेदार को जल्द सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद काम में अपेक्षित तेजी नहीं आई। सोमवार को निरीक्षण के दौरान काम बंद मिलने पर महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सड़क की टायरिंग में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मौके पर आईजीएमसी नाले में बिटुमेन तैयार करने का काम भी चल रहा था। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। संबंधित एजेंसी को सड़क की टायरिंग शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। अब काम शुरू हो गया है और इसे जल्द पूरा करने को कहा गया है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।