Summer express, काठमांडू (नेपाल)। नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। इसके झटके भारत, भूटान और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। वहीं, चीन के कुछ क्षेत्रों से भी भूकंप के झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं।
यूएसजीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास था। यह मंगलवार सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आया। भूकंप के झटकों के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों के बीच हलचल देखी गई। हालांकि, फिलहाल इससे हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
इस बीच भारत के असम में भी मंगलवार तड़के भूकंप के हल्के झटके दर्ज किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, कार्बी आंगलोंग जिले में सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर 2.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
एनसीएस के आंकड़ों के अनुसार, असम में आए भूकंप का केंद्र 25.743 उत्तरी अक्षांश और 93.355 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। दोनों भूकंपों के समय और स्थान अलग-अलग थे।