जींद | जींद के नरवाना क्षेत्र स्थित उझाना गांव में जमीन को लेकर जाट और एससी समुदाय के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। अब इस विवाद ने तूल पकड़ लिया है, क्योंकि सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो और पोस्ट वायरल होने के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन गांव में एक सरकारी भवन के निर्माण की योजना पर काम कर रहा है। वहीं जाट समुदाय ‘पटवार भवन’ बनवा रहा है जबकि एससी समाज की मांग ‘अंबेडकर भवन’ की है। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद तेज हो गया है।
इस बीच कुछ यूट्यूबर्स और संगठन से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भड़काऊ वीडियो और बयान शेयर किए, जिससे गांव में तनाव और बढ़ गया।
शहर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह के अनुसार, भीम आर्मी जिला प्रधान अमित मुआल, हसीन, सुनील बामनिया और दो यूट्यूबर्स समेत कुल 60 लोगों के खिलाफ सामाजिक अशांति फैलाने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है।