7 August, 2025
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के लिए नए कोचों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ऐसे अनुभवी और ऊर्जावान कोचों की तलाश में है जो युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर तैयार कर सकें और चोटिल क्रिकेटरों की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
बेंगलुरु स्थित अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में कई स्टाफ सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इनमें प्रमुख रूप से गेंदबाजी कोच ट्रॉय कूली शामिल हैं, जिनका अनुबंध कुछ ही दिनों में समाप्त हो रहा है। बीसीसीआई इस पद के लिए किसी पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज को नियुक्त करने की योजना बना रहा है।बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 20 अगस्त तक आवेदन भेज सकते हैं। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने इसी साल फरवरी में एनसीए के अंतर्गत एक अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया था, लेकिन कोचिंग स्टाफ की संख्या अभी भी सीमित है।
बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक अब पूरी तरह से भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ चुके हैं। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहतुले आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के सहयोगी स्टाफ में शामिल हो गए हैं, जबकि खेल विज्ञान विशेषज्ञ नितिन पटेल मार्च में जा चुके हैं। एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण का कार्यकाल भी अब समाप्ति की कगार पर है।ऐसे में बीसीसीआई बल्लेबाजी, गेंदबाजी और खेल विज्ञान चिकित्सा से जुड़े नए विशेषज्ञों की नियुक्ति कर अकादमी को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है.