छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाघनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी गांव के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक कार और ट्रक की भीषण टक्कर में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक सभी 25 से 30 वर्ष की उम्र के दोस्त थे। वे उज्जैन दर्शन के बाद ओडिशा के पुरी जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार डिवाइडर से टकराकर उछली और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पांच युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान मध्यप्रदेश निवासी आकाश मौर्य (28), गोविंद (33), अमन राठौर (26), नितिन यादव (34) और ओडिशा निवासी संग्राम केसरी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।