पुरी | ओडिशा के पुरी ज़िले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बयाबार गांव में शनिवार को तीन बदमाशों ने एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को स्थानीय अस्पताल से AIIMS भुवनेश्वर रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है।
डिप्टी सीएम ने लिया संज्ञान, सरकार उठाएगी इलाज का खर्च
ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने इस जघन्य अपराध की निंदा करते हुए ट्वीट कर कहा कि घटना से वे बेहद आहत हैं। उन्होंने पीड़िता के समुचित इलाज की जिम्मेदारी राज्य सरकार द्वारा उठाने की बात कही और पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घर जाने के रास्ते में घात लगाकर किया हमला
बताया जा रहा है कि पीड़िता अपने दोस्त के घर जा रही थी, तभी घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और घायल लड़की को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। इस बर्बर हमले से पूरे इलाके में गुस्सा है और लोग आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सज़ा देने की मांग कर रहे हैं।