Summer express, मोगा। पंजाब के मोगा शहर के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर के बाहर खड़े चार युवकों पर बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अंगदपुरा मोहल्ला निवासी साहिल जिंदल उर्फ लडी, गगन, राघव और सुखप्रीत रविवार शाम करीब 7:15 बजे अपने घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। गाड़ी में सवार हथियारबंद युवकों ने पहले उनसे किसी व्यक्ति के बारे में पूछताछ की और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियां लगने से चारों युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में दो युवकों ने तोड़ा दम
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को उपचार के लिए मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गगन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल उर्फ लडी को बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। राघव और सुखप्रीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उपचार चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सरताज सिंह चाहल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी कब्जे में लिए हैं। फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने और उनकी गाड़ी के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर गोलीबारी की वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।