गतका पार्टियों ने दिखाए जौहर, जगह-जगह संगत के स्वागत के लिए लगाए गए लंगर
गुरशरण सिंह/ सुरिंदर सिंह अंकुश
समर न्यूज | मोहाली
चौथे पातशाह धन-धन श्री गुरु रामदास जी महाराज के प्रकाश गुरुपर्व को समर्पित मोहाली में विशाल नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सेक्टर-80, साहिबजादा अजीत सिंह नगर की ओर से गुरुद्वारा तालमेल कमेटी के सहयोग से निकाला गया।
नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। नगर कीर्तन की शुरुआत मोहाली के सेक्टर-80 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से पांच प्यारों की अगुवाई में हुई। इस दौरान पूरा वातावरण गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। नगर कीर्तन मोहाली के सेक्टर 80-85, सेक्टर 79-80, सेक्टर 85-86, सेक्टर 78-79, सेक्टर-68, सेक्टर-67, सेक्टर-69 और सेक्टर-78 से होता हुआ सेक्टर-79 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पहुंचकर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टियों ने सिख मार्शल आर्ट के शानदार जौहर दिखाए। गतका खिलाड़ियों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए सिख इतिहास और वीरता की परंपरा को प्रस्तुत किया। नगर कीर्तन के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर संगत के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह गुरु के लंगर लगाए गए, जहां संगत को प्रसाद और जलपान वितरित किया गया।
श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया प्रकाश गुरुपर्व: गुरुद्वारा प्रबंधकों और गुरुद्वारा तालमेल कमेटी के सहयोग से आयोजित नगर कीर्तन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संगत ने गुरु साहिब के उपदेशों को याद करते हुए सेवा, सिमरन और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।