अश्वनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
लुधियाना के डाबा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर शक्ति सिंह उर्फ भूरा पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसका हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया। आरोपी कटा हुए हाथ को प्लास्टिक के लिफाफे में डालकर अपने साथ ले गए और सतगुरु नगर की गली नंबर-9 स्थित एक किराना दुकान पर दुकानदार को थमा दिया। उन्होंने दुकानदार से इसे भूरा के घर पहुंचाने को कहा।
गंभीर रूप से घायल शक्ति सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
डाबा थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को रेडू साहिब गुरुद्वारे के पास एक मकान में मारपीट होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि शक्ति सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया है। हमलावर घर में घुसे और शक्ति सिंह को घेरकर उस पर वार किए। बचाव के लिए हाथ आगे करने पर उसकी कलाई कट कर अलग हो गई। हमले में मकान मालिक भी घायल हुआ, क्योंकि उसने शक्ति सिंह को बचाने की कोशिश की थी।
हमले के बाद आरोपी कटे हुए हाथ को प्लास्टिक के लिफाफे में डालकर मौके से चले गए। इसके बाद वे सतगुरु नगर की गली नंबर-9 स्थित किराना दुकान पर पहुंचे और दुकानदार को लिफाफा थमा दिया। उन्होंने उससे इसे शक्ति सिंह के घर पहुंचाने को कहा।
दुकानदार ने पुलिस को बताया कि आरोपितों की इस हरकत से वह घबरा गया था। पुलिस दुकानदार के बयान के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
अस्पताल में मौत, रंजिश का संदेह
शक्ति सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा होने का संदेह है। पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। उसके परिचितों और संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और किराना दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में दुकानदार के बयान और अन्य साक्ष्यों को भी शामिल किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ वारदात के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।