Summer express, मैड्रिड। स्पेन के बार्सिलोना के निकट एक बस अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में जा गिरी। इस दुर्घटना में 83 लोग घायल हो गए, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय आपातकालीन सेवाओं के अनुसार, हादसा कैटालोनिया क्षेत्र के फोगार्स दे मोंत्क्लूस इलाके में हुआ। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
कैटालोनिया की चिकित्सा आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक, हादसे में घायल 83 लोगों में से सात की स्थिति गंभीर है, जबकि 18 लोगों को अपेक्षाकृत कम गंभीर चोटें आई हैं। अन्य 58 लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। स्पेन की समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, रविवार दोपहर बस एक संकरी और घुमावदार सड़क पर नियंत्रण खोने के बाद करीब 65 फुट गहरी ढलान में गिर गई। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया। घटनास्थल पर 23 एंबुलेंस और दो चिकित्सा हेलीकॉप्टर भेजे गए। इसके अलावा दमकलकर्मियों और चिकित्सा कर्मियों की तीन संयुक्त टीमें तैनात की गईं। हादसे से प्रभावित लोगों को मानसिक सहारा देने के लिए मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने वाली तीन टीमें भी मौके पर पहुंचीं।
अन्य लोगों की तलाश जारी
कैटालोनिया की क्षेत्रीय सरकार की स्वास्थ्य मंत्री ओल्गा पाने ने बताया कि बचाव दल घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुर्घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी घायल या प्रभावित तो नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार, हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच जारी है और बचाव कार्य पूरा होने के बाद दुर्घटना के कारणों को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।